गरियाबंद , अक्टूबर 06 -- छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले स्थित उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में वन्यजीव सप्ताह-2026 के तहत मंगलवार को मालाबार पाइड हॉर्नबिल के संरक्षण और वन्यजीवों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 'रन फॉर हॉर्नबिल' का आयोजन किया गया।

करीब 10 किलोमीटर की इस दौड़ में वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों, स्थानीय ग्रामीणों सहित लगभग 250 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

दौड़ की शुरुआत बनियाधस जलप्रपात से हुई। प्रतिभागियों ने जंगल और पहाड़ी क्षेत्र से गुजरते हुए करीपगार जलप्रपात तक करीब 10 किलोमीटर की दूरी तय की। कार्यक्रम में गरियाबंद कलेक्टर रणबीर शर्मा, उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक गुरुनाथन एन. और वन विभाग के विशेष सचिव धम्मशील गणवीर सहित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। टाइगर रिजर्व की सभी आठ रेंजों से भी वनकर्मियों और अधिकारियों ने भागीदारी की।

आयोजन के माध्यम से स्थानीय समुदाय को मालाबार पाइड हॉर्नबिल के पारिस्थितिक महत्व और उसके संरक्षण से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।

वन विभाग के अनुसार हॉर्नबिल फलों के बीजों के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, जिससे वनों के प्राकृतिक पुनर्जीवन में मदद मिलती है। टाइगर रिजर्व के ओंध और अमलोर क्षेत्र हॉर्नबिल के महत्वपूर्ण आवासों में शामिल हैं।

उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में हॉर्नबिल संरक्षण के लिए 'हॉर्नबिल रेस्टोरेंट' जैसी पहल भी संचालित की जा रही है। इसके तहत पक्षियों को वर्षभर प्राकृतिक भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से फलदार और फाइकस प्रजाति के वृक्षों को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके साथ 'हॉर्नबिल सफारी' के जरिए संरक्षण गतिविधियों को स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों की आजीविका से जोड़ने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।

दौड़ के महिला वर्ग में वनरक्षक परमेश्वरी, ललिता, रिंकी जोशी और ओंध गांव की टीकेश्वरी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वेटरन वर्ग में गरियाबंद कलेक्टर रणबीर शर्मा प्रथम, उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक गुरुनाथन एन. द्वितीय और तौरेंगा रेंजर केजूराम कोरचे तृतीय स्थान पर रहे।

वन विभाग ने आयोजन के जरिए वन्यजीव संरक्षण में स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित