रायपुर , नवंबर 02 -- छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड ने अपनी संपत्तियों पर अवैध कब्जे और कथित फर्जी रजिस्ट्रियों के मामलों में कार्रवाई तेज करने की तैयारी की है। बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने कहा है कि 23 जनवरी के बाद वक्फ संपत्तियों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी। इसके साथ ही कथित फर्जी तरीके से कराई गई रजिस्ट्रियों को शून्य कराने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जाएगी।

डॉ. सलीम राज ने आज बताया कि राज्य में वक्फ संपत्तियों से जुड़े विभिन्न मामलों में अब तक 418 लोगों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। इनमें संपत्तियों की कथित फर्जी रजिस्ट्री कराने से संबंधित मामले भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में संबंधित रजिस्ट्रारों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। बोर्ड की ओर से 23 जनवरी के आसपास ऐसी रजिस्ट्रियों को शून्य कराने की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी है।

बोर्ड अध्यक्ष के अनुसार, वक्फ संपत्तियों पर कब्जा करने वाले लोगों को अंतिम नोटिस जारी कर स्वेच्छा से कब्जा हटाने का अवसर दिया जाएगा। निर्धारित समय-सीमा के भीतर कब्जा नहीं हटाने की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि रायपुर के सदर बाजार और तात्यापारा सहित प्रदेश के कुछ अन्य क्षेत्रों में वक्फ संपत्तियों को कब्जामुक्त कराया जा चुका है। इसी प्रकार भाटगांव के आसपास एक संपत्ति खाली कराई गई है, जबकि एक अन्य संपत्ति से कब्जा हटाने की प्रक्रिया जारी है।

डॉ. सलीम राज ने कहा कि अतिक्रमण से मुक्त कराई जा रही संपत्तियों का उपयोग जनहित और सामाजिक सुविधाओं के विस्तार के लिए किया जाएगा। इसके तहत धमतरी में अस्पताल का कार्य कराया जा रहा है। वहीं, रायपुर के सिविल लाइन क्षेत्र में लड़कियों के लिए 50 बिस्तरों वाले अस्पताल का निर्माण कराया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित