रायपुर , जुलाई 17 -- छत्तीसगढ़ में अपने लंबित भुगतान और निर्माण विभागों में कथित अनियमितताओं के विरोध में छत्तीसगढ़ कांट्रेक्टर्स एसोसिएशन के आह्वान पर शुक्रवार को प्रदेशभर के ठेकेदारों ने नवा रायपुर में अर्धनग्न प्रदर्शन किया। विधानसभा की ओर मार्च निकालने का प्रयास कर रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने विधानसभा से लगभग 200 मीटर पहले बैरिकेडिंग कर रोक दिया।

एसोसिएशन के बैनर तले विभिन्न जिलों से पहुंचे ठेकेदार तूता स्थित धरनास्थल पर एकत्र हुए। यहां से विधानसभा घेराव के लिए कूच करते समय बड़ी संख्या में तैनात पुलिस बल ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन करते रहे।

छत्तीसगढ़ कांट्रेक्टर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष बीरेश शुक्ला ने कहा, "शासन-प्रशासन के उदासीन रवैए के कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहा है और ठेकेदारों के साथ अन्याय किया जा रहा है। लगातार ज्ञापन और जल जीवन मिशन का घेराव करने के बाद भी लंबित बिल भुगतान की प्रक्रिया तेज नहीं की गई।" उन्होंने आरोप लगाया कि "शासन ताकत के बल पर विधानसभा का घेराव करने से रोका है। परंतु अपने अधिकारों को लेकर एकजुट ठेकेदार आवाज बुलंद करते रहेंगे, जब तक कि समस्याओं का निराकरण नहीं हो जाता है।"शुक्ला ने आरोप लगाया कि "जल जीवन मिशन समेत निर्माण विभाग भ्रष्टाचार और अफसरशाही चल रही है। बिलों का भुगतान रोककर प्रताड़ित किया जा रहा है। अनुबंध का उल्लंघन किया जाता है। ठेकेदार निर्माण कराने के बाद भुगतान के लिए डेढ़-दो सालों से भटक रहे हैं।" उन्होंने कहा कि दो दिन बाद एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों की बैठक में आंदोलन की आगामी रणनीति तय की जाएगी तथा ठेकेदार अपने अधिकारों की लड़ाई जारी रखेंगे।

एसोसिएशन की प्रमुख मांगों में 2,200 करोड़ रुपये के लंबित पुटअप बिलों का तत्काल भुगतान, लगभग 3,000 करोड़ रुपये के आगामी बिलों के भुगतान के लिए अग्रिम बजट, एग्रीमेंट के अनुरूप रनिंग एवं पार्ट पेमेंट की तत्काल शुरुआत, कार्य पूर्ण होने पर 100 प्रतिशत भुगतान, एग्रीमेंट के बाद लागू अतिरिक्त नियमों को समाप्त करना, अगले छह माह के कार्यों के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध कराना, फंड की कमी से कार्य प्रभावित नहीं होने देना, भ्रष्ट अधिकारियों के विरुद्ध निष्पक्ष जांच एवं कठोर कार्रवाई तथा ठेकेदारों के साथ अनुबंधानुसार न्यायपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित करना शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित