रायपुर , सितंबर 04 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा है कि सरकारी विभागों में भर्ती प्रक्रिया प्रभावित है और निजी उद्योगों में स्थानीय युवाओं की नौकरियों पर भी संकट बढ़ रहा है।
श्री बैज ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि भाजपा ने विधानसभा चुनाव से पहले युवाओं को एक लाख सरकारी नौकरियां देने और अनियमित कर्मचारियों के नियमितीकरण सहित कई वादे किए थे, लेकिन सरकार बनने के बाद इन पर अपेक्षित अमल नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि पीएससी, व्यापम और शिक्षक भर्ती सहित विभिन्न भर्तियों की प्रक्रिया प्रभावित हुई है तथा कई अनियमित, संविदा और अन्य श्रेणी के कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त की गई हैं।
उन्होंने कहा कि नए पदों के सृजन के साथ ही स्वीकृत रिक्त पदों पर भी पर्याप्त भर्ती नहीं होने से युवाओं में निराशा है। निजी उद्योगों में छंटनी और आउटसोर्सिंग का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय युवाओं के रोजगार के अवसर प्रभावित हो रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान शिक्षा, उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व, वन और महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों में नियमित पदों पर भर्तियां की गई थीं। इसके अलावा स्वामी आत्मानंद स्कूलों और पुलिस विभाग में भर्ती तथा स्थानीय उद्योगों में स्थानीय लोगों को रोजगार देने की नीति पर काम किया गया था।
श्री बैज ने कहा कि वर्तमान सरकार को सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया तेज करने और निजी क्षेत्र में स्थानीय युवाओं के रोजगार हितों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित