रायपुर , मार्च 27 -- छत्तीसगढ़ शासन ने प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा के दो अधिकारियों की जिम्मेदारियों में परिवर्तन किया है। जारी आदेश के अनुसार, 2012 बैच के आईएएस अधिकारी रजत बंसल को मुख्यमंत्री सचिवालय में विशेष सचिव के रूप में पदस्थ करते हुए उन्हें जनसंपर्क आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है, इस संबंध में गुरुवार रात आदेश जारी किया गया।

सामान्य प्रशासन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, बंसल अपनी वर्तमान जिम्मेदारियों के साथ-साथ 'संवाद' के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, भौमिकी एवं खनिकर्म विभाग के संचालक तथा छत्तीसगढ़ राज्य खनिज विकास निगम के प्रबंध संचालक का कार्यभार भी संभालेंगे। यह व्यवस्था आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से प्रभावी रहेगी।

वहीं 2016 बैच के आईएएस अधिकारी रवि मित्तल को भारत सरकार के निर्देशों के तहत प्रधानमंत्री कार्यालय, नयी दिल्ली में उप सचिव पद पर प्रतिनियुक्ति के लिए भेजा गया है। उन्हें 31 मार्च 2026 की अपराह्न से कार्यमुक्त किया जाएगा। उनकी प्रतिनियुक्ति अवधि चार वर्ष अथवा अगली अधिसूचना तक निर्धारित की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित