रायपुर , मई 31 -- ) छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम का मिजाज बदलने लगा है और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आंधी, गरज-चमक तथा बारिश की गतिविधियां तेज होने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने आगामी पांच दिनों तक कई क्षेत्रों में तेज हवाओं, बिजली गिरने और वर्षा को लेकर चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, बड़े पेड़ों तथा बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी है।
इस बीच कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र में शनिवार को तेज आंधी और बारिश के दौरान पेड़ के नीचे खड़े तीन युवकों पर पेड़ की भारी डाल गिर गई, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रायपुर, सरगुजा और पेंड्रा सहित कई इलाकों में भी बारिश दर्ज की गयी।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी ओर पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रायपुर में रविवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। दिन के दौरान गरज-चमक के साथ धूलभरी आंधी और वर्षा हो सकती है। शहर का अधिकतम तापमान लगभग 41 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान व्यक्त किया गया है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मध्य पाकिस्तान से आंध्र प्रदेश तट तक एक द्रोणिका (ट्रफ) सक्रिय है, जो राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा से होकर गुजर रही है। इसके अलावा बंगाल की खाड़ी से लक्षद्वीप क्षेत्र तक ऊपरी वायुमंडल में एक अन्य ट्रफ भी प्रभावी है। इन मौसमी प्रणालियों के कारण प्रदेश में नमी बढ़ रही है, जिससे आंधी और बारिश की गतिविधियों को बल मिल रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित