रायपुर , अक्टूबर 20 -- छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। मौसम विभाग से मंगलवार को मिली जानकारी अनुसार, अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं हैं। इसके बाद तापमान में एक से दो डिग्री तक गिरावट आ सकती है।
इस दौरान हालांकि, प्रदेश में एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने का अनुमान जताया गया है। इसके लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
राजधानी रायपुर में आज आसमान साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री के आसपास रह सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटे के दौरान रायपुर में अधिकतम तापमान 34 डिग्री दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री रहा। विभाग के आंकड़ों के अनुसार, रायपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया।
प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 16.5 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, 19 अक्टूबर के आंकड़ों के अनुसार, रायपुर में अधिकतम तापमान 34 डिग्री रहा, जो सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक था। रायगढ़ और सक्ती में भी अधिकतम तापमान 34 डिग्री दर्ज किया गया। कबीरधाम में इन दर्ज स्थानों में सबसे कम अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित