रायपुर , मार्च 14 -- छत्तीसगढ़ शासन द्वारा मिशन कर्मयोगी के तहत राज्य में अधिकारियों और कर्मचारियों के क्षमता निर्माण कार्यक्रमों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसी क्रम में गठित "छत्तीसगढ़ राज्य क्षमता निर्माण क्रियान्वयन एवं समन्वय समिति" की पहली बैठक 17 मार्च 2026 को अपराह्न 4 बजे मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर में आयोजित की जाएगी।

यह बैठक मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हाइब्रिड मोड (भौतिक एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग) के माध्यम से होगी।

सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव के प्रशासनिक मार्गदर्शन में गठित यह समिति राज्य में मिशन कर्मयोगी के प्रभावी क्रियान्वयन की प्रगति की समीक्षा करेगी। साथ ही विभिन्न विभागों में संचालित प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण गतिविधियों के बेहतर समन्वय पर भी चर्चा की जाएगी, ताकि इन कार्यक्रमों को संस्थागत रूप दिया जा सके।

सामान्य प्रशासन विभाग के राज्य नोडल अधिकारी (मिशन कर्मयोगी-आईजीओटी) द्वारा जारी पत्र के अनुसार बैठक में अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा आईजीओटी डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म के उपयोग की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही विभागों में चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रमों के बेहतर समन्वय के लिए आवश्यक उपायों पर विचार-विमर्श होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित