रायपुर , अगस्त 03 -- छत्तीसगढ़ में मानसून की स्थिति फिलहाल सामान्य बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है। अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम का मिजाज इसी तरह बने रहने के आसार हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटे में भी प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। 1 जून से 2 अगस्त 2026 तक छत्तीसगढ़ में औसतन 566.5 मिमी (22.3 इंच) बारिश रिकॉर्ड की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य वर्षा 594.6 मिमी (23.4 इंच) होनी चाहिए थी। इस तरह प्रदेश में अब तक सामान्य से 5 प्रतिशत कम बारिश हुई है, जिसे मौसम विभाग ने सामान्य श्रेणी में रखा है।
लगातार बारिश के कारण बिलासपुर-रतनपुर-पेंड्रा मार्ग पर बांसाझाल स्थित पुल दो हिस्सों में टूट गया। घटना के दौरान पुल से गुजर रही एक यात्री बस बीच में फंस गई। हालांकि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बताए गए हैं। पुल क्षतिग्रस्त होने से बिलासपुर का पेंड्रा, गौरेला, अमरकंटक, मनेंद्रगढ़ के अलावा मध्यप्रदेश के जबलपुर और शहडोल से सीधा संपर्क प्रभावित हो गया है।
मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। इस दौरान अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की स्थिति बनने की संभावना है।
प्रदेश में अब तक सबसे अधिक बारिश नारायणपुर जिले में दर्ज की गई है। यहां 997.8 मिमी (39.3 इंच) बारिश हुई है, जो सामान्य से 61 प्रतिशत अधिक है। इसके बाद सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 797.5 मिमी (31.4 इंच) बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 65 प्रतिशत ज्यादा है।
जांजगीर-चांपा में 743.9 मिमी (29.3 इंच, 38%), महासमुंद में 725.1 मिमी (28.5 इंच, 35%), गरियाबंद में 696.8 मिमी (27.4 इंच, 29%), बालोद में 668.5 मिमी (26.3 इंच, 29%), रायपुर में 626.0 मिमी (24.6 इंच, 21%) और बलौदाबाजार में 623.0 मिमी (24.5 इंच, 28%) बारिश दर्ज की गई है।
वहीं कुछ जिलों में बारिश की कमी बनी हुई है। सरगुजा में सामान्य से 53 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। जशपुर में 48 प्रतिशत, बेमेतरा में 40 प्रतिशत, कांकेर और मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 24 प्रतिशत तथा सूरजपुर में 21 प्रतिशत कम बारिश हुई है। मौसम विभाग ने इन जिलों को डेफिसिएंट श्रेणी में रखा है।
प्रदेश के 20 जिले अभी सामान्य वर्षा की श्रेणी में हैं। इनमें बस्तर, बीजापुर, बिलासपुर, दंतेवाड़ा, धमतरी, दुर्ग, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, कोंडागांव, कोरबा, कोरिया, मोहला-मानपुर-चौकी, मुंगेली, रायगढ़, राजनांदगांव, सक्ती, सुकमा, बलरामपुर, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई समेत अन्य जिले शामिल हैं।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ।
राजधानी रायपुर में सोमवार को बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ में जुलाई के अंत तक बारिश लगभग सामान्य स्तर पर पहुंच चुकी है। अगस्त में अच्छी बारिश होने से धान समेत अन्य खरीफ फसलों को लाभ मिलने की उम्मीद है। कृषि की दृष्टि से अगस्त का महीना धान की फसल के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित