रायपुर , अगस्त 10 -- छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून सक्रिय है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में सोमवार को हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया गया है, जबकि उत्तर छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

विभाग के अनुसार प्रदेश में अब तक 650.9 मिमी (25.6 इंच) बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से पांच प्रतिशत कम है। हालांकि विभाग के अनुसार राज्य में बारिश की स्थिति सामान्य श्रेणी में है।

प्रदेश के कई हिस्सों में रविवार को हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि मुंगेली और रायपुर जिले में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई। मुंगेली के लोरमी ब्लॉक में भारी बारिश के कारण पसरहा पारा टापू में बदल गया। यहां करीब 200 ग्रामीण 24 घंटे तक फंसे रहे। राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) ने नावों की मदद से 10 घंटे तक बचाव अभियान चलाकर सभी ग्रामीणों को सुरक्षित राहत शिविर पहुंचाया।

मुंगेली जिले में राजीव गांधी जलाशय (खुड़िया बांध) भी लबालब भर गया है। इसके वेस्ट वेयर से छह फुट पानी बह रहा है, जिससे मनियारी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। वर्ष 2020 के बाद पहली बार इतनी मात्रा में पानी छोड़ा गया है। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है।

बारिश के कारण बिलासपुर-रतनपुर-पेंड्रा रोड-गौरेला को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-45 पर भी यातायात प्रभावित हुआ। कीचड़ और गड्ढों के कारण भारी वाहन फंसने से मार्ग पर लंबा जाम लग गया।

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में शनिवार शाम भारी बारिश के बीच गौरेला शहर के वार्ड नंबर 8 में एक जर्जर मकान ढह गया। मकान की दीवारों में पहले ही दरारें आ गई थीं। समय रहते घर खाली करा लिए जाने के कारण बड़ा हादसा टल गया।

महासमुंद जिले में लगातार बारिश से कोडार डैम शत-प्रतिशत भर गया है। जल संसाधन विभाग की नौ अगस्त की रिपोर्ट के अनुसार जलस्तर 295.62 मीटर पहुंच गया है, जो एफआरएल 295.35 मीटर से 0.27 मीटर अधिक है। इसके बाद डैम से पानी छोड़ा जा रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार आमतौर पर आज रायपुर में बादल छाए रह सकते हैं। एक-दो दौर की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती है। अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान रायपुर में 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 22.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

प्रदेश में अब तक 650.9 मिमी (25.6 इंच) बारिश हुई है, जो इस अवधि तक सामान्य बारिश 686.6 मिमी (27.0 इंच) से कम है। इस तरह राज्य में बारिश सामान्य से पांच प्रतिशत कम है।

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने का भी अनुमान जताया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, निम्न दबाव क्षेत्र के साथ जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है। मानसून द्रोणिका भी निम्न दबाव क्षेत्र से होकर गुजर रही है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित