रायपुर , जुलाई 02 -- छत्तीसगढ़ में पिछले करीब 10 दिनों की सुस्ती के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार 30 जून तक मानसून पूरे प्रदेश में पहुंच चुका है और आगामी एक सप्ताह के दौरान राज्य के अनेक हिस्सों में मध्यम से भारी वर्षा होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने गुरुवार को दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई, जबकि सरगुजा में लगातार दो दिन हुई बारिश के बाद गांधीनगर सहित कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई।

बारिश और आकाशीय बिजली से जन-धन की क्षति की घटनाएं भी सामने आई हैं। अंबिकापुर में सड़क किनारे खड़े एक ट्रक पर बिजली गिरने से वह पूरी तरह जल गया। कोरबा जिले के रामपुर क्षेत्र में इमली के पेड़ पर गाज गिरने से छह साइबेरियन पक्षियों की मौत हो गई। वहीं बीजापुर जिले की गंगालूर तहसील के कोटेर गांव में आकाशीय बिजली गिरने से नौ बकरियां मर गईं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित