रायपुर , अक्टूबर 17 -- छत्तीसगढ़ में मानसून की वापसी के बीच मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल सकता है। प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में अगले पांच दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है।
मौसम विभाग से आज मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। विशेष रूप से दक्षिण छत्तीसगढ़ में आगामी पांच दिनों तक मौसम में बदलाव बने रहने का अनुमान है।
विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले दो दिनों के दौरान राज्य के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं, दक्षिणी क्षेत्रों में अगले पांच दिनों तक एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा का सिलसिला जारी रह सकता है।
इधर, राजधानी रायपुर में शनिवार को मौसम मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक रहा। वहीं, प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने बारिश की संभावित गतिविधियों के दौरान कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। मानसून की विदाई के बावजूद दक्षिण छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना बनी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित