रायपुर , अक्टूबर 05 -- छत्तीसगढ़ में मानसून की वापसी के साथ बारिश की गतिविधियों में काफी कमी आ गई है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सोमवार को वर्षा की संभावना नहीं है और मौसम साफ रहने के कारण दिन के तापमान में बढ़ोतरी के साथ गर्मी तथा उमस का असर महसूस हो रहा है। पिछले 24 घंटों में राजनांदगांव में सर्वाधिक 35 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग से आज मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश में अगले 2-3 दिनों तक बारिश की गतिविधियां कम रहने की संभावना है। हालांकि दो दिन बाद कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। सोमवार के लिए प्रदेश में मौसम संबंधी कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
राजधानी रायपुर में आज आसमान मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। दिन में तेज धूप के कारण गर्मी और उमस बढ़ सकती है, जबकि सुबह और रात के समय मौसम अपेक्षाकृत आरामदायक रहने की संभावना है।
रायपुर में रविवार को अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 2 डिग्री सेल्सियस ज्यादा था, जबकि न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस रहा। इस दौरान राजधानी में बारिश दर्ज नहीं की गई।
प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान राजनांदगांव 35 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा। दूसरी ओर अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इससे मैदानी क्षेत्रों में दिन के समय गर्मी बढ़ने और सरगुजा संभाग के कुछ हिस्सों में रात के तापमान में गिरावट का रुख दिखाई दे रहा है।
अन्य प्रमुख शहरों में बिलासपुर का अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस , दुर्ग का 33.5 डिग्री सेल्सियस और जगदलपुर का 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। माना एयरपोर्ट में अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित