रायपुर , सितंबर 14 -- छत्तीसगढ़ में मानसूनी गतिविधियां अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगी हैं।
मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश तथा कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई है। अगले दो दिनों के दौरान भी प्रदेश में कहीं-कहीं वर्षा और गरज-चमक की स्थिति बने रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि बस्तर संभाग के कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश हुई। बड़े बचेली और कोंटा में सर्वाधिक 80-80 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
प्रदेश में मानसून सीजन की बारिश फिलहाल सामान्य के आसपास बनी हुई है। 12 सितंबर तक राज्य में 1001 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है, जबकि इस अवधि की औसत बारिश 1041.1 मिमी है। इस तरह प्रदेश में अब तक सामान्य से चार प्रतिशत कम बारिश हुई है। मानसून को प्रदेश में पहुंचे 82 दिन हो चुके हैं। मानसून ने 23 जून को दंतेवाड़ा के रास्ते छत्तीसगढ़ में प्रवेश किया था।
लगातार बारिश के कारण प्रदेश के जलाशयों में भी पर्याप्त जलभराव हुआ है। राज्य के 46 प्रमुख और मध्यम जलाशयों में औसत जलभराव 91.10 प्रतिशत तक पहुंच गया है। इनमें सात जलाशय पूरी तरह भर चुके हैं, जबकि 18 अन्य जलाशयों में 90 प्रतिशत से ज्यादा पानी है। धमतरी के रविशंकर सागर समेत कई जलाशयों से पानी छोड़ने के लिए गेट खोलने पड़े हैं।
धमतरी जिले में बारिश के कारण महानदी उफान पर है। जल संसाधन विभाग के मुताबिक शनिवार शाम सात बजे की स्थिति में गंगरेल बांध के छह गेट खोलकर महानदी में 33000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था। बांध के कैचमेंट एरिया से लगातार इतनी ही मात्रा में पानी की आवक बनी हुई थी। इससे पहले 11 सितंबर की आधी रात को बांध के नौ गेट खोलकर रिकॉर्ड 53000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। इसके चलते राजिम के त्रिवेणी संगम में भी उफान की स्थिति बनी।
इस बीच धमतरी के मॉडमसिल्ली बांध में मछली पकड़ने के दौरान तेज बहाव में बहने से मामा-भांजे की मौत हो गई। दोनों 12 सितंबर की देर शाम गेदारापारा के रपटा के पास मछली पकड़ रहे थे। इस दौरान एक का पैर फिसल गया और उसे बचाने के प्रयास में दूसरा भी तेज बहाव में बह गया। रविवार को तलाश के दौरान दोनों के शव घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर झाड़ियों में मिले।
राजधानी रायपुर में आज दिनभर बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस रायपुर में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में बारिश की गतिविधियों में कमी आने के साथ प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम धीरे-धीरे सामान्य होने की संभावना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित