रायपुर , नवंबर 21 -- छत्तीसगढ़ सरकार ने शुक्रवार को राज्य के महाधिवक्ता पद से प्रफुल्ल एन. भारत का त्यागपत्र मंजूर करते हुए वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक शर्मा को प्रदेश का नया महाधिवक्ता नियुक्त किया है।
विधि एवं विधायी कार्य विभाग द्वारा इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है। ज्ञात हो कि हाल ही में प्रफुल्ल भारत ने अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंपा था।
इस्तीफे में उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्रिमंडल के सदस्यों और वरिष्ठ नौकरशाहों द्वारा मिले सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य के प्रथम विधि अधिकारी के रूप में कार्य करते हुए उन्हें उच्च न्यायालय और उच्चतम न्यायालय में राज्य के हितों की रक्षा करने में महाधिवक्ता कार्यालय की टीम तथा बार के सदस्यों से महत्वपूर्ण सहयोग मिला। साथ ही उन्होंने राज्यपाल के प्रति भी धन्यवाद प्रकट किया कि उन्हें यह जिम्मेदारी निभाने का अवसर प्राप्त हुआ।
नए महाधिवक्ता नियुक्त हुए विवेक शर्मा, छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायमूर्ति आर.एस. शर्मा के पुत्र हैं। शासन की ओर से कई संवेदनशील मामलों में उनकी प्रभावी पैरवी के कारण वे चर्चा में रहे हैं। लीकर स्कैम, कोल स्कैम और एसीबी से जुड़े अनेक प्रकरणों में उन्होंने सरकार का पक्ष मजबूती से रखा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित