रायपुर , जुलाई 17 -- छत्तीसगढ़ सरकार ने महतारी वंदन योजना के तहत लाभार्थियों के सत्यापन अभियान के दौरान अब तक एक लाख 55 हजार से अधिक महिलाओं के नाम योजना की सूची से हटा दिए हैं।
महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण विभाग के अनुसार यह कार्रवाई पात्रता की पुनः जांच, हितग्राहियों की मृत्यु, अन्य राज्यों में स्थानांतरण, आयु संबंधी परिवर्तन तथा दस्तावेजों के सत्यापन के आधार पर की गई है।
विभागीय जानकारी के मुताबिक, सत्यापन प्रक्रिया में सबसे अधिक 12,043 हितग्राहियों के नाम रायपुर जिले से हटाए गए हैं। दूसरी ओर बीजापुर ऐसा जिला रहा, जहां नए पात्र हितग्राहियों के जुड़ने से लाभार्थियों की संख्या में वृद्धि दर्ज की गई है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 में योजना उस समय सुर्खियों में आई थी, जब अभिनेत्री सन्नी लियोनी के नाम पर फर्जी आवेदन कर योजना की राशि जारी होने का मामला सामने आया था। जांच में पाया गया था कि फर्जी दस्तावेजों के आधार पर आवेदन कर योजना का लाभ लिया गया। इसके बाद राज्य सरकार ने व्यापक सत्यापन अभियान शुरू किया, जिसके दौरान कई अपात्र लाभार्थियों के नाम सूची से हटाए गए।
सत्यापन के दौरान सामने आए प्रमुख मामलों में बस्तर जिले के तालुर गांव में अभिनेत्री सन्नी लियोनी के नाम से आवेदन किया जाना शामिल है। इस मामले में वीरेंद्र कुमार जोशी के खाते में महतारी वंदन योजना की राशि हस्तांतरित हुई थी।
इसी प्रकार पेंड्रा निवासी कलम सिंह कंवर ने भी योजना के तहत आवेदन किया था, जिसे सत्यापन के बाद अपात्र घोषित कर दिया गया। वहीं खैरागढ़ जिले के मुढ़ीपार निवासी तिलोक साहू, जो एक सीएससी सेंटर संचालित करता है, ने भी योजना के लिए आवेदन किया था और करीब एक वर्ष तक उसके खाते में योजना की राशि जमा होती रही।
राज्य सरकार का कहना है कि योजना का उद्देश्य केवल पात्र महिलाओं तक आर्थिक सहायता पहुंचाना है। इसी कारण समय-समय पर हितग्राहियों का सत्यापन किया जा रहा है। जिन महिलाओं का निधन हो चुका है, जिन्होंने गलत जानकारी देकर आवेदन किया, जो पात्रता की निर्धारित शर्तों को पूरा नहीं करतीं अथवा जिनके दस्तावेजों में अनियमितता पाई गई, उनके नाम लाभार्थी सूची से हटाए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित