रायपुर , अप्रैल 27 -- छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है और प्रदेश के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के ताज़ा आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को राजनांदगांव राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार बिलासपुर में 44.4 डिग्री सेल्सियस , सक्ती में 43.4 डिग्री सेल्सियस , मुंगेली में 43.2 डिग्री सेल्सियस तथा राजधानी रायपुर में 42.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। अधिकांश जिलों में तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री अधिक दर्ज किया गया है, जिससे गर्मी का प्रभाव और तीव्र हो गया है।

पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखा गया, हालांकि आने वाले दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री की क्रमिक वृद्धि की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। साथ ही कुछ स्थानों पर 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और आंधी चलने की संभावना भी व्यक्त की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित