रायपुर , मई 14 -- छत्तीसगढ़ में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है और प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। दिन के साथ-साथ रात और सुबह के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों को उमस और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच मौसम विभाग ने राहत भरा अनुमान जताते हुए कहा है कि इस वर्ष दक्षिण-पश्चिम मानसून सामान्य समय से करीब एक सप्ताह पहले दस्तक दे सकता है।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार मानसून के 25 से 27 मई के बीच केरल पहुंचने की संभावना है। सामान्यतः मानसून छत्तीसगढ़ में 10 से 15 जून के बीच प्रवेश करता है, लेकिन इस बार इसके पहले पहुंचने के संकेत मिल रहे हैं।
प्रदेश में मौसम के दो अलग-अलग स्वरूप देखने को मिल रहे हैं। एक ओर मैदानी इलाकों में तेज धूप और गर्म हवाओं ने जनजीवन प्रभावित किया है, वहीं कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश का दौर भी जारी है।
बुधवार को दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी रायपुर के लालपुर क्षेत्र में 41 डिग्री तथा माना एयरपोर्ट में 40.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा बिलासपुर में 40.4 डिग्री, पेंड्रा रोड में 39.2 डिग्री, अंबिकापुर में 38 डिग्री और जगदलपुर में 38.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
न्यूनतम तापमान के मामले में जगदलपुर सबसे ठंडा क्षेत्र रहा, जहां पारा 24.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित