रायपुर , मई 31 -- छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत भाजपा विधायक दीपेश साहू के विवाह को लेकर कांग्रेस से अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने योजना की पात्रता को लेकर सवाल उठाए हैं जबकि कांग्रेस नेता दीप्ति दुबे ने विधायक के निर्णय की सराहना की है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने रविवार को कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर और बीपीएल परिवारों के लिए बनाई गई है। उन्होंने सवाल किया कि क्या विधायक इस योजना की पात्रता के दायरे में आते हैं। श्री बैज ने इसे गरीबों के अधिकारों से जुड़ा विषय बताते हुए राज्य सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।

वहीं कांग्रेस नेता दीप्ति दुबे ने सोशल मीडिया मंच फेसबुक पर पोस्ट कर विधायक दीपेश साहू के निर्णय को सादगी एवं संस्कार की सुंदर मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह समारोह में विवाह करना सामाजिक समरसता का संदेश देता है। उन्होंने विधायक को वैवाहिक जीवन के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

कांग्रेस की ओर से उठाए गए सवालों पर विधायक दीपेश साहू ने कहा कि योजना में पात्रता का आधार लड़की का परिवार होता है। उनका कहना है कि जिनसे उनका विवाह होने जा रहा है, वे बीपीएल परिवार से हैं और इसी आधार पर मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत पंजीयन कराया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित