रायपुर , सितंबर 08 -- छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनके 25 वर्ष के कार्यकाल पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 'सेवा संकल्प अभियान' शुरू करेगी।
अभियान के तहत प्रधानमंत्री श्री मोदी के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना के साथ प्रदेशभर में 36 लाख 'आशीर्वाद के दीये' जलाए जाएंगे। प्रत्येक बूथ पर 100 दीये जलाने का लक्ष्य रखा गया है।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मंगलवार को राजधानी रायपुर के कुशाभाऊ ठाकरे परिसर (प्रदेश भाजपा कार्यालय ) में मीडिया से चर्चा के दौरान बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत सभी संभागीय, जिला और विकासखंड मुख्यालयों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। बस्तर में अभियान को विशेष रूप से संचालित करते हुए गांव-गांव में आशीर्वाद के दीये जलाए जाएंगे और लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि स्कूलों में 'सेवा चित्र' कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें बच्चे पेंटिंग के जरिए सेवा और विकास से जुड़े विषयों को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत करेंगे। स्कूलों और पंचायतों में 'सेवा स्मरण' कार्यक्रम के माध्यम से पिछले 25 वर्षों में हुए विकास कार्यों और बदलाव की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
श्री शर्मा ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों में 'आंगन का मिलन' कार्यक्रम के तहत फल वितरण समेत विभिन्न गतिविधियां होंगी। वहीं 'कहानी बदलाव के बीच' कार्यक्रम के जरिए प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के कार्यकाल में आर्टिकल 370 हटाने जैसे विभिन्न विषयों पर कहानी बताई जाएगी।
अभियान में 'सेवा मेरा योगदान' कार्यक्रम के साथ 'सेवा के रंग-रंगोली प्रतियोगिता' भी आयोजित की जाएगी। इसमें अलग-अलग कलाकार हिस्सा लेंगे तथा दफ्तरों में भी सेवा की थीम पर रंगोली बनाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि सात अक्टूबर को 'सेवा ज्योति यात्रा' निकाली जाएगी। इसके तहत सभी जिला मुख्यालयों में मशाल लाई जाएगी और उसे एक स्थान पर रखा जाएगा। कार्यक्रम स्थलों पर एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के जिला मुख्यालयों को एक साथ संबोधित करेंगे।
अभियान के तहत 'जनसेवा का महाकुंभ' कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। इसमें पंच से लेकर संसद तक के जनप्रतिनिधि राष्ट्रीय स्तर पर एक स्थान पर एकत्रित होंगे। छत्तीसगढ़ से भी पूरी टीम इस कार्यक्रम में शामिल होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित