रायपुर , फरवरी 27 -- छत्तीसगढ़ सरकार ने शुक्रवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारियों के दायित्वों में आंशिक फेरबदल करते हुए नयी पदस्थापनाओं एवं अतिरिक्त प्रभार संबंधी आदेश जारी किए।
प्रशासनिक पुनर्संरचना के तहत कुछ अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि कुछ को नए पदों पर पदस्थ किया गया है।
आज यहां जारी जारी आदेश के मुताबिक, डॉ. सी.आर. प्रसन्ना (भाप्रसे 2006) को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ आयुक्त, सहकारिता एवं रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। कुलदीप शर्मा (भाप्रसे 2014) को रजिस्ट्रार, सहकारी संस्थाएं एवं प्रबंध संचालक, छत्तीसगढ़ वेयर हाउसिंग कॉर्पोरेशन के पद से मुक्त करते हुए कलेक्टर, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा नियुक्त किया गया है। तीर्थराज अग्रवाल को उप सचिव, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के पद पर पदस्थ करते हुए उप सचिव, धर्मस्व एवं धार्मिक न्यास विभाग का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है। लीना कोसम को परीक्षा नियंत्रक, लोक सेवा आयोग, नवा रायपुर के पद पर नियुक्त किया गया है। उनके कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से यह पद भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ वेतनमान के समकक्ष माना जाएगा।
इसी प्रकार सौमिल रंजन चौबे को उप सचिव, कृषि विभाग, मंत्रालय, नवा रायपुर के पद पर यथावत रखा गया है, जबकि वीरेंद्र बहादुर पंचभाई अपर कलेक्टर, नारायणपुर के पद पर पूर्ववत कार्यरत रहेंगे। सुमित अग्रवाल आयुक्त, नगर पालिक निगम, दुर्ग तथा संदीप कुमार अग्रवाल मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत, बिलासपुर के पद पर यथावत बने रहेंगे। आशीष कुमार टिकारिहा को प्रबंध संचालक, छत्तीसगढ़ वेयर हाउसिंग कॉर्पोरेशन के पद पर पदस्थ किया गया है। उनके कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से यह पद भी वरिष्ठ वेतनमान के समकक्ष घोषित किया गया है। ऋषभ कुमार पाराशर उप सचिव, वित्त विभाग के पद पर यथावत कार्य करते रहेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित