रायपुर , जुलाई 26 -- छत्तीसगढ़ में 12वीं बोर्ड के हिंदी विषय के पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों का विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। राजधानी रायपुर के अंबेडकर चौक में रविवार को बड़ी संख्या में छात्र एकत्रित हुए और मामले को लेकर नाराजगी जताई। प्रदर्शन को एनएसयूआई का भी समर्थन मिला।

प्रदर्शनकारी छात्रों ने छत्तीसगढ़ के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के इस्तीफे की मांग उठाई। यह मांग ऐसे समय सामने आई है, जब केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद प्रदेश में भी शिक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए जा रहे हैं।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सख्त और प्रभावी कानून लागू करने की मांग की। छात्रों का कहना था कि बार-बार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों से विद्यार्थियों के भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए मजबूत कानूनी व्यवस्था बनाने की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित