रायपुर , अक्टूबर 21 -- छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इस दौरान प्रदेश में बारिश के आसार नहीं हैं और फिलहाल किसी तरह की चेतावनी भी जारी नहीं की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव का अनुमान नहीं है, जबकि इसके बाद रात के तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे रात के समय हल्की ठंड का अहसास बढ़ सकता है।

मौसम विभाग से बुधवार को मिली जानकारी के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम साफ रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक दर्ज किया गया।

विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आज भी प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है। अगले पांच दिनों तक बारिश की कोई आसार नहीं है। तापमान के मामले में शुरुआती दो दिनों तक रात के पारे में खास बदलाव नहीं होगा। इसके बाद न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।

राजधानी रायपुर में आज आसमान साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। इससे पहले 20 अक्टूबर को रायपुर में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित