रायपुर , जून 04 -- छत्तीसगढ़ में त्रि-स्तरीय पंचायत तथा नगरीय निकायों के आम एवं उपचुनाव के लिए मतगणना गुरुवार सुबह शुरू हो गई।

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार एक जून को संपन्न हुए निर्वाचन में नगरीय निकायों में अध्यक्ष के पांच पदों और पार्षद के 71 पदों के लिए मतदान कराया गया था। इसके लिए स्थापित 96 मतदान केन्द्रों में कुल 31 हजार 928 मतदाताओं में से 27 हजार 6 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार नगरीय निकाय चुनावों में 84.58 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

इसी तरह पंचायत चुनावों के लिए बनाए गए 274 मतदान केन्द्रों में कुल एक लाख दो हजार 797 मतदाताओं में से 79 हजार 968 मतदाताओं ने मतदान किया। पंचायत निर्वाचन में मतदान प्रतिशत 78.61 दर्ज किया गया।

बालोद जिले की नगर पंचायत पलारी में मतगणना का कार्य जारी है। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्रकांत कौशिक, रिटर्निंग ऑफिसर रामकुमार सोनकर, सहायक रिटर्निंग ऑफिसर हनुमंत श्याम, गिरीश साहू सहित मतगणना कार्य में नियुक्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

सूरजपुर जिले के नवगठित नगर पंचायत शिवनंदनपुर में भाजपा प्रत्याशी रितेश जायसवाल ने जीत दर्ज की है। उन्हें 2001 मत प्राप्त हुए, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी संजय सोनी को 1734 मत मिले। नगर पंचायत के 15 वार्डों में हुए चुनाव में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने आठ वार्डों तथा भाजपा प्रत्याशियों ने सात वार्डों में विजय हासिल की।

उधर, कांकेर जिले के नगरीय निकाय उपचुनाव में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने दोनों सीटों पर कब्जा जमाया है। चारामा नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक-13 से मोहित नायक तथा पखांजूर नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक-9 से रूखमणी वट्टी विजयी घोषित किए गए हैं।

परिणाम घोषित होने के बाद दोनों क्षेत्रों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर तथा आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया। कांग्रेस नेताओं ने इसे जनता के विश्वास और पार्टी की नीतियों की जीत बताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और संगठन की सक्रियता के कारण मतदाताओं ने कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों पर भरोसा जताया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों नवनिर्वाचित पार्षद अपने-अपने वार्डों के विकास को प्राथमिकता देंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित