रायपुर , अक्टूबर 21 -- छत्तीसगढ़ में स्वयंसेवी नगर सैनिकों (होमगार्ड) के मानदेय में वृद्धि का प्रस्ताव तैयार किया गया है। विभाग से आज मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश और गृह मंत्री विजय शर्मा के मार्गदर्शन में तैयार प्रस्ताव के अनुसार, नगर सैनिकों का कुल मानदेय बढ़ाकर 30,870 रुपये प्रतिमाह करने की अनुशंसा की गई है। इससे प्रदेश के लगभग 7,900 नगर सैनिकों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

गृह विभाग के प्रस्ताव के मुताबिक, नगर सैनिकों का मूल मानदेय 19,500 रुपये प्रतिमाह, 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता 11,310 रुपये और वर्दी धुलाई भत्ता 60 रुपये निर्धारित किया गया है। इस तरह कुल प्रस्तावित मानदेय 30,870 रुपये प्रतिमाह होगा, जो प्रतिदिन के हिसाब से 1,029 रुपये है।

नगर सैनिकों के मानदेय में इससे पहले भी वृद्धि की गई थी। वर्ष 2017 में गृह विभाग के आदेश के तहत मानदेय 10,000 रुपये से बढ़ाकर 13,200 रुपये प्रतिमाह किया गया था। इसके बाद 30 मई 2023 के आदेश के तहत एक अप्रैल 2023 से प्रभावी वृद्धि के बाद मानदेय बढ़ाकर 19,500 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित