रायपुर , अक्टूबर 17 -- छत्तीसगढ़ में दिसंबर 2026 में प्रस्तावित नगरीय निकाय चुनावों के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को राजधानी रायपुर स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में जिला प्रभारियों और वरिष्ठ पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। वहीं, भाजपा की नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी 25 अक्टूबर से दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगी। इस दौरान वह पार्टी के सांसदों, विधायकों और संगठन पदाधिकारियों के साथ बैठक कर राजनीतिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करेंगी।
प्रदेश के 17 नगरीय निकायों में प्रस्तावित चुनावों को देखते हुए भाजपा ने जिला स्तर पर संगठन की सक्रियता बढ़ाने, पदाधिकारियों के बीच समन्वय स्थापित करने तथा आगामी कार्यक्रमों की कार्ययोजना तैयार करने पर ध्यान केंद्रित किया है।
इसी सिलसिले में शनिवार को रायपुर के बोरियाकला स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह की मौजूदगी में जिला प्रभारियों और पार्टी पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, चुनावी तैयारियों, प्रचार-प्रसार की रणनीति और आगामी कार्यक्रमों के क्रियान्वयन को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, अखिलेश सोनी, नवीन मार्कंडेय, प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही और क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान जिला स्तर पर संगठन को सक्रिय बनाने और स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा पार्टी पदाधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई।
इस बीच भाजपा की प्रदेश प्रभारी नियुक्त होने के बाद स्मृति ईरानी पहली बार 25 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ पहुंचेंगी। उनका दो दिवसीय प्रवास 25 और 26 अक्टूबर को प्रस्तावित है। इस दौरान रायपुर में प्रदेश भाजपा संगठन की विभिन्न बैठकें आयोजित की जाएंगी।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, स्मृति ईरानी प्रदेश के सांसदों, विधायकों, स्थानीय निकायों के जनप्रतिनिधियों और प्रदेश पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगी। इनमें राज्य की राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन की वर्तमान गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर चर्चा होने की संभावना है। इसके अतिरिक्त जिला स्तर पर संगठनात्मक स्थिति और जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय की भी समीक्षा की जा सकती है।
प्रदेश प्रभारी के दौरे से पहले भाजपा संगठन की बैठकों का सिलसिला तेज हो गया है। पार्टी के स्तर पर आगामी चुनावों के लिए संगठनात्मक ढांचे को सक्रिय करने और स्थानीय स्तर पर चुनावी तैयारियों को आगे बढ़ाने की कवायद जारी है। हालांकि, स्मृति ईरानी के दौरे का विस्तृत कार्यक्रम अभी जारी नहीं हुआ है। ऐसे में उनकी बैठकों के निर्धारित विषयों और कार्यक्रमों की अंतिम रूपरेखा सामने आना शेष है।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ में दिसंबर 2026 में चार नगर निगम, पांच नगरपालिका परिषद और आठ नगर पंचायत सहित कुल 17 नगरीय निकायों में चुनाव प्रस्तावित हैं। इनमें बीरगांव, भिलाई, भिलाई-चरौदा और रिसाली नगर निगम शामिल हैं।
इन चुनावों को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी गतिविधियां शुरू कर दी हैं। भाजपा की जिला प्रभारियों के साथ हुई बैठक और प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी का प्रस्तावित दौरा इसी संगठनात्मक तैयारी का हिस्सा माना जा रहा है।
हालांकि, नगरीय निकाय चुनावों की तिथियों की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है। चुनाव कार्यक्रम की अंतिम स्थिति राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित