रायपुर , अगस्त 20 -- छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के 158 नगरीय निकायों को विभिन्न मदों के तहत कुल 74 करोड़ 88 लाख 17 हजार रुपये आवंटित किए हैं।
यह राशि निकायों में वेतन एवं सेवानिवृत्ति लाभों के भुगतान के साथ मरम्मत, संधारण और अतिवृष्टि जैसी परिस्थितियों से निपटने में उपयोगी होगी। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के अनुसार उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद सभी संबंधित निकायों को राशि आवंटन के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
विभाग ने प्रदेश के 10 नगर निगमों को कुल 45 करोड़ सात लाख 90 हजार रुपये, 48 नगर पालिकाओं को 18 करोड़ 60 लाख 34 हजार रुपये और 100 नगर पंचायतों को 11 करोड़ 19 लाख 92 हजार रुपये आवंटित किए हैं।
यह राशि अनिवार्य निधि, राजस्व वसूली, चुंगी क्षतिपूर्ति, उत्पाद कर, बार लाइसेंस और मुद्रांक मद के अंतर्गत जारी की गई है। विभाग के मुताबिक राशि मिलने से नगरीय निकायों की वित्तीय स्थिति को मजबूती मिलेगी तथा स्थानीय स्तर पर आवश्यक भुगतान और विकास एवं संधारण संबंधी कार्यों को गति देने में मदद मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित