रायपुर , जून 16 -- छत्तीसगढ़ के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में ग्रीष्मकालीन अवकाश समाप्त होने के बाद मंगलवार से नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत हो गई। इसके साथ ही प्रदेशभर में आज से 27 जून तक शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जिसके तहत विद्यार्थियों का स्वागत तिलक लगाकर तथा पाठ्य सामग्री भेंट कर किया जा रहा है।

राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में अवकाश के बाद विद्यालयों में फिर से चहल-पहल लौट आई। पहले दिन स्कूल पहुंचे छात्र-छात्राओं का शिक्षकों ने तिलक लगाकर स्वागत किया तथा उन्हें किताबें वितरित कीं। पहली बार विद्यालय पहुंचे नौनिहालों के लिए यह अवसर विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

शाला प्रवेश उत्सव के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने, ड्रॉपआउट बच्चों को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने तथा विद्यार्थियों को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उत्सव का मुख्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम 30 जून को आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, स्कूल शिक्षा मंत्री सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति होने की संभावना है। संभाग स्तरीय कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को गणवेश, पाठ्यपुस्तकें तथा साइकिलों का वितरण भी किया जाएगा।

नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री साय ने प्रदेश के विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, "विद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का स्थान नहीं, बल्कि आप सभी बच्चों के सपनों को आकार देने और उज्ज्वल भविष्य की नींव रखने का माध्यम है।" उन्होंने विद्यार्थियों से पूरे आत्मविश्वास, अनुशासन और उत्साह के साथ नियमित रूप से विद्यालय जाने तथा मन लगाकर पढ़ाई करने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री ने कहा, "आज का परिश्रम और शिक्षा ही आने वाले समय में बच्चों की सफलता का आधार बनेगी।" उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर आगे बढ़ने तथा ज्ञान, संस्कार और व्यक्तित्व विकास के माध्यम से प्रदेश और देश के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। श्री साय ने विश्वास व्यक्त किया कि छत्तीसगढ़ के बच्चे अपनी प्रतिभा, मेहनत और संकल्प के बल पर भविष्य में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेंगे तथा प्रदेश का नाम गौरवान्वित करेंगे। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के सफल, उज्ज्वल और प्रेरणादायी भविष्य की कामना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित