रायपुर , मार्च 01 -- छत्तीसगढ़ में किसानों को धान की अंतर राशि के एकमुश्त भुगतान को लेकर सियासत तेज हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मीडिया सलाहकार पंकज झा ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस पर तीखा तंज कसा है।
अपने फेसबुक पोस्ट में झा ने कहा कि "सुशासन" का अर्थ बिना भेदभाव के सभी पात्र हितग्राहियों को लाभ पहुंचाना है। उन्होंने दावा किया कि साय सरकार द्वारा किसानों को धान की अंतर राशि का एकमुश्त भुगतान किया गया है और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी लाभार्थियों में शामिल हैं।
पोस्ट में कहा गया कि कि वर्तमान सरकार किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर पर 21 क्विंटल प्रति एकड़ तक धान खरीदी कर रही है। केंद्र द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य का भुगतान तत्काल किया जाता है, जबकि शेष अंतर राशि राज्य सरकार अलग योजना के तहत एकमुश्त किसानों के खातों में जमा करती है।
मीडिया सलाहकार ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान यही राशि किस्तों में दी जाती थी। उन्होंने यह भी कहा कि हाल ही में होली से पूर्व लगभग 10 हजार करोड़ रुपये किसानों के खातों में हस्तांतरित किए गए जिससे सभी पात्र किसान लाभान्वित हुए।
झा ने अपने पोस्ट के अंत में भाजपा सरकार को सुशासन की सरकार बताते हुए बधाई दी और कांग्रेस पर व्यंग्य करते हुए कहा कि लाभ मिलने के बावजूद विपक्ष धन्यवाद नहीं देगा। हालांकि, इस संबंध में कांग्रेस की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया आना बाकी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित