रायपुर , अक्टूबर 11 -- छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के बीच आगामी दो दिनों तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। इसके बाद प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विभाग के वैज्ञानिकों ने आज कहा कि, एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने, तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों के बाद प्रदेश के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान एक-दो स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। कुछ इलाकों में हल्की वर्षा होने के आसार हैं।

इस बीच प्रदेश में गर्मी का असर बना हुआ है। बीते 24 घंटों के दौरान अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहा। राजधानी रायपुर में शनिवार को अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग ने रविवार, 11 अक्टूबर को रायपुर में आसमान साफ रहने तथा अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने का अनुमान व्यक्त किया है।

प्रदेश के प्रमुख शहरों के तापमान पर नजर डालें तो 10 अक्टूबर को रायपुर सर्वाधिक गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा राजनांदगांव में 35.5 डिग्री, जांजगीर-चांपा में 34.8 डिग्री और रायगढ़ में 34.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं, प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित