रायपुर , अप्रैल 19 -- छत्तीसगढ़ में गर्मी ने अपना असर तेज़ कर दिया है और राज्य के कई हिस्सों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग ने बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है।

बीते शनिवार को राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रायपुर और दुर्ग में 42.8 डिग्री, बिलासपुर में 42 डिग्री, जगदलपुर में 40.6 डिग्री, पेंड्रा रोड में 39.8 डिग्री और अंबिकापुर में 39.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश का न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा और अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है। हालांकि, कई जिलों में तापमान में और वृद्धि दर्ज की जा सकती है।

विभाग ने संकेत दिए हैं कि दुर्ग, रायपुर, राजनांदगांव, कोरबा, रायगढ़, बिलासपुर, बलौदाबाजार, कबीरधाम और धमतरी सहित लगभग 20 जिलों में तापमान बढ़ने की संभावना है। वहीं कांकेर, सुकमा, गरियाबंद, बीजापुर, बस्तर, दंतेवाड़ा, नारायणपुर और कोंडागांव जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने के आसार हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित