रायपुर , नवंबर 28 -- छत्तीसगढ़ में पुलिस महानिदेशक-पुलिस महानिरीक्षक (डीजी-आईजी) कॉन्फ्रेंस का शुभारंभ होने पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सम्मेलन में नक्सल समस्या और उससे जुड़े सुरक्षा आयामों पर विस्तृत मंथन किया जाएगा। श्री साव ने बताया कि नक्सलवाद कभी राज्य की आंतरिक सुरक्षा और विकास के लिए सबसे बड़ी चुनौती था लेकिन लगातार चल रहे अभियान और मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति के चलते अब यह सिर्फ कुछ जिलों तक सीमित रह गया है।

उप मुख्यमंत्री ने दावा किया कि वर्तमान सरकार के नेतृत्व में नक्सल उन्मूलन की दिशा पहले से कहीं अधिक स्पष्ट और प्रभावी हुई है। उनके अनुसार, "डबल इंजन सरकार तेज़ गति से नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने की दिशा में काम कर रही है। हालात अब नियंत्रण में हैं और नक्सल प्रभाव समाप्ति के करीब है।"इस दौरान पूर्व विधायक गुलाब कमरो का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) फॉर्म नहीं भरे जाने के सवाल पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी। श्री साव ने कहा कि मतदाता सूची के लिए तय नियम और प्रक्रिया होती है। अभी प्रारंभिक सूची जारी की जानी है, जिसके बाद दावा-आपत्ति का चरण होगा। सभी प्रक्रियाएं नियमों के अनुसार पूरी की जाएंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित