सक्ती , सितंबर 22 -- छत्तीसगढ़ में सक्ती जिले के जैजैपुर जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत हरेठी कला में सरपंच और पंचों के बीच विवाद सामने आया है।

पंचायत के पंचों ने सरपंच और सचिव की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाते हुए सरपंच के खिलाफ अविश्वास की कार्रवाई की मांग को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है।

पंचों का आरोप है कि ग्राम पंचायत में विकास कार्य नहीं कराए जा रहे हैं और पंचायत की नियमित बैठकें भी आयोजित नहीं की जाती हैं। उनका कहना है कि सरपंच बनने के बाद से सिर्फ एक बार ही बैठक हुई है। इसके बाद न तो बैठक बुलाई गई और न ही पंचों को मानदेय दिया गया।

पंचों ने आरोप लगाया कि सरपंच का पूरा काम उनके भतीजे द्वारा देखा जाता है और पंचों के साथ लगातार दुर्व्यवहार किया जाता है। उन्होंने फर्जी हस्ताक्षर किए जाने का भी आरोप लगाया है।

पंचों के मुताबिक इन मामलों को लेकर एसडीएम, जनपद और थाने में भी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने कलेक्टर के समक्ष पहुंचकर सरपंच के खिलाफ अविश्वास की कार्रवाई की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित