रायपुर , जून 03 -- मौसम विज्ञान विभाग के रायपुर केंद्र ने बुधवार शाम को जारी मौसम बुलेटिन में कहा कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में चार जून से गरज-चमक, बिजली गिरने तथा 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं और बिजली गिरने की घटनाएं भी हुईं।

बुलेटिन के अनुसार प्रदेश में अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ है। राजनांदगांव में सर्वाधिक 42.0 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर प्रदेश से मध्य प्रदेश, विदर्भ, तेलंगाना और रायलसीमा तक फैली द्रोणिका तथा उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश एवं आसपास के क्षेत्रों में बने ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से प्रदेश में मौसम की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है।

विभाग ने चार जून के लिए प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक, बिजली गिरने तथा 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। अगले दो दिनों तक भी प्रदेश में इसी प्रकार की मौसमी गतिविधियां बने रहने के आसार हैं।

रायपुर शहर के लिए जारी स्थानीय पूर्वानुमान में कहा गया है कि चार जून को आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं तथा गरज-चमक के साथ वर्षा की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान लगभग 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित