रायपुर , अप्रैल 13 -- छत्तीसगढ़ में आने वाले दिनों में गर्मी के और अधिक तेज होने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले चार दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में लगभग तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि दर्ज की जा सकती है। 14 अप्रैल से कई क्षेत्रों में पारा 42 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की संभावना जतायी गयी है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के कुछ इलाकों में तापमान सामान्य से ऊपर बना रह सकता है। साथ ही 15 अप्रैल से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में लू चलने की चेतावनी भी जारी की गई है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
प्रदेश में फिलहाल मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है और बीते 24 घंटों में कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं की गई। इस दौरान रायपुर में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को भी प्रदेश में मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा। फिलहाल किसी प्रकार की बारिश की संभावना नहीं है। आगामी दो दिनों तक भी मौसम के ऐसे ही बने रहने के आसार हैं, जिससे गर्मी का असर और बढ़ सकता है।
राजधानी रायपुर में आज आसमान साफ रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित