रायपुर , अप्रैल 27 -- छत्तीसगढ़ में सुरक्षित और गुणवत्ता पूर्ण खाद्य पदार्थ एवं दवाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि विभाग द्वारा 'सही दवा, शुद्ध आहार-यही छत्तीसगढ़ का आधार' थीम के तहत 27 अप्रैल से 11 मई 2026 तक 15 दिवसीय सघन जांच अभियान शुरू किया गया है।
अभियान के तहत विभाग की टीमें पूरे प्रदेश में निरीक्षण कर खाद्य प्रतिष्ठानों एवं दवा दुकानों की जांच करेंगी तथा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस पहल का मुख्य उद्देश्य मिलावटी खाद्य पदार्थों और नकली दवाओं पर रोक लगाना तथा आम जनता को सुरक्षित और पौष्टिक आहार एवं सही दवाओं के प्रति जागरूक करना है।
नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन दीपक कुमार अग्रवाल के निर्देशानुसार अभियान के पहले दिन रायपुर में चाट और गुपचुप सेंटर सहित विभिन्न स्ट्रीट वेंडर्स की जांच की गई। इस दौरान समोसा, चाट और दही बड़ा के दो नमूने जांच के लिए लिए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित