रायपुर , सितंबर 29 -- छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर कमजोर पड़ गया है और आगामी चार से पांच दिनों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा, जबकि सरगुजा और बस्तर संभाग के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अगले दो दिनों के दौरान भी एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। फिलहाल प्रदेश के किसी भी जिले के लिए मौसम संबंधी कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
प्रदेश में सोमवार को राजनांदगांव सबसे गर्म रहा जहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री रहा, जो प्रदेश में सबसे कम था। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री दर्ज किया गया।
रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री के आसपास रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा लगातार आगे बढ़ रही है। इसके साथ ही उत्तर-पश्चिम और उससे लगे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर 3.1 से 4.5 किमी की ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित