रायपुर , दिसंबर 21 -- छत्तीसगढ़ में सर्द मौसम ने पूरे प्रदेश को अपनी गिरफ्त में ले लिया है। रात के समय तेज ठंड और सुबह के वक्त घनी धुंध के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
मौसम विभाग के आज जारी आंकड़ों के अनुसार वर्तमान स्थिति में बिलासपुर और रायपुर को छोड़कर प्रदेश के लगभग सभी इलाकों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच चुका है।
सबसे अधिक ठंड का असर सरगुजा संभाग में देखने को मिल रहा है। अंबिकापुर प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका बना हुआ है, जहां न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राजधानी रायपुर में ठंड का असर अपेक्षाकृत मध्यम रहा, जहां पारा 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा।
सुबह के समय सरगुजा संभाग के कई इलाकों में घना कोहरा छाया हुआ है। स्थिति ऐसी है कि दिन निकलने के बाद भी कई स्थानों पर दृश्यता प्रभावित बनी हुई है। रायपुर सहित अन्य क्षेत्रों में भी कुहासे का असर देखा जा रहा है। इसके साथ ही रात में गिरते तापमान के कारण ठिठुरन बढ़ गई है।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी तीन दिनों के दौरान उत्तरी छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की क्रमिक बढ़ोतरी संभव है। वहीं मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद इन क्षेत्रों में भी एक से दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।
मौसम विभाग ने रविवार को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरबा, रायगढ़, सूरजपुर, सरगुजा, जशपुर और बलरामपुर जिलों में एक-दो स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी दी है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और मुंगेली जिलों में मध्यम स्तर के कोहरे की संभावना जताई गई है, जिसके चलते यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 22 दिसंबर तक उत्तरी छत्तीसगढ़ के कई जिलों में घने कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है।
वहीं राजधानी रायपुर में रविवार की सुबह हल्का कुहासा छाए रहने की संभावना है। दिन में अधिकतम तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित