रायपुर , जुलाई 08 -- छत्तीसगढ़ सरकार के उच्च शिक्षा विभाग ने प्रदेश में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की गतिविधियों को अधिक प्रभावी और गतिशील बनाने के उद्देश्य से विभिन्न जिलों में 29 अंशकालीन जिला संगठकों की नियुक्ति की है।
संबंधित प्राध्यापकों एवं व्याख्याताओं को उनके वर्तमान शैक्षणिक दायित्वों के साथ आगामी दो वर्षों के लिए जिला संगठक की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उच्च शिक्षा विभाग की ओर से बुधवार को जारी आदेश के अनुसार सभी नवनियुक्त जिला संगठकों को अपने-अपने जिले के कलेक्टर से समन्वय स्थापित कर जिला स्तरीय सलाहकार समिति का गठन सुनिश्चित करने तथा नियमानुसार उसकी बैठकें आयोजित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश में कहा गया है कि जिला संगठकों को प्रत्येक माह अपना भ्रमण कार्यक्रम, कार्यों का संकलित प्रतिवेदन तथा निरीक्षण रिपोर्ट निर्धारित प्रारूप में संबंधित विश्वविद्यालयीन एनएसएस प्रकोष्ठ और राज्य एनएसएस प्रकोष्ठ को भेजना अनिवार्य होगा।
जिला संगठक अपने कार्यक्षेत्र में संचालित सभी राष्ट्रीय सेवा योजना इकाइयों, जिनमें कृषि एवं तकनीकी शिक्षा संस्थानों की इकाइयां भी शामिल हैं, के सुचारू संचालन में सहयोग करेंगे तथा उनकी प्रगति से संबंधित प्रतिवेदन संबंधित विश्वविद्यालयीन प्रकोष्ठ को उपलब्ध कराएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित