रायपुर , दिसंबर 15 -- पुलिस आरक्षक भर्ती प्रक्रिया को लेकर सामने आ रही शिकायतों के बीच गृह मंत्री एवं उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सोमवार को स्पष्ट किया कि अभ्यर्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक जिले के एसपी कार्यालय में विधिवत व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि यदि किसी अभ्यर्थी को भर्ती प्रक्रिया या प्राप्त अंकों को लेकर कोई आपत्ति है, तो वह निर्धारित माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है।
श्री शर्मा ने बताया कि अंक प्रदर्शन को लेकर कई अभ्यर्थियों की ओर से आपत्तियां प्राप्त हुई थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नौ परीक्षा केंद्रों में अभ्यर्थियों के अंक सार्वजनिक किए गए हैं। साथ ही सभी जिलों से संबंधित विस्तृत जानकारी पुलिस विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असमंजस की स्थिति न रहे।
मीडिया से चर्चा के दौरान श्री शर्मा ने कहा कि यूपीएससी पैटर्न में सामान्यतः अंक सार्वजनिक करने का प्रावधान होता है और इसी प्रक्रिया के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जा रही है। भर्ती प्रक्रिया को पूर्णतः पारदर्शी बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस विभाग ने परिणाम देखने के लिए क्यूआर कोड की सुविधा भी शुरू की है। अभ्यर्थी क्यूआर कोड स्कैन कर सीधे छत्तीसगढ़ पुलिस की वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं।
वहीं धर्मांतरण कानून को लेकर पूछे गए सवाल पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दिशा में कानून लाने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि उचित समय पर यह प्रक्रिया पूरी होगी। पुलिस विभाग ने कहा कि नई डिजिटल व्यवस्था से अभ्यर्थियों को जानकारी प्राप्त करने में आसानी होगी और भर्ती प्रक्रिया में विश्वास और पारदर्शिता और अधिक मजबूत होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित