रायपुर , जुलाई 16 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रेलवे भर्ती बोर्ड की कंप्यूटर आधारित ऑनलाइन परीक्षा के दौरान कथित रूप से अनुचित साधनों का उपयोग करने के आरोप में एक अभ्यर्थी को गिरफ्तार किया गया है,जिसकी जानकारी गुरुवार को पुलिस ने दी। आरोपी परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन छिपाकर ले गया था और कंप्यूटर स्क्रीन पर प्रदर्शित प्रश्नों की फोटो ले रहा था।
पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई को आईडीजेड सरोना स्थित परीक्षा केंद्र में आरआरबी की सीबीटी परीक्षा की दूसरी पाली आयोजित की गई थी। परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षक को एक अभ्यर्थी की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हुईं। इसके बाद उसकी निगरानी की गई और सीसीटीवी फुटेज की जांच में पुष्टि हुई कि वह परीक्षा केंद्र में छिपाकर लाए गए मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि उसने कंप्यूटर स्क्रीन पर प्रदर्शित प्रश्नों की तस्वीरें अपने मोबाइल में कैद की थीं।
सूचना मिलने पर डीडी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से मोबाइल फोन बरामद किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने डबल अंडरगारमेंट पहनकर उसके अंदर मोबाइल फोन छिपाया था ताकि सुरक्षा जांच से बचकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश कर सके। मोबाइल की जांच के दौरान उसमें परीक्षा के समय कंप्यूटर स्क्रीन से ली गईं प्रश्नों की तस्वीरें मिलीं, जिनका मिलान परीक्षा में पूछे गए प्रश्नों से किया गया।
पुलिस ने मामले की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को देने के बाद डीडी नगर थाना में अपराध क्रमांक 432/2026 दर्ज किया। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(2) तथा लोक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024 की धारा 10(1) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 28 वर्षीय अफताब, पिता गुलाम मोहम्मद, निवासी संतरेजीपुरा, इतवारी, नागपुर (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक सैमसंग मोबाइल फोन, आधार कार्ड तथा आरआरबी परीक्षा का प्रवेश पत्र जब्त किया है।
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने कहा है कि प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित