अंबिकापुर , मई 09 -- छत्तीसगढ़ में आदिवासी समाज की एकजुटता, संस्कृति संरक्षण और सामाजिक विकास को लेकर रविवार को अंबिकापुर में आदिवासी महासम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ आदिवासी विकास परिषद द्वारा ''आदिवासी महासम्मेलन, सीजीएवीपी वेबसाइट शुभारंभ एवं सम्मान समारोह'' का आयोजन राजमोहिनी देवी सभागार में किया जाएगा।

कार्यक्रम में प्रदेशभर से आदिवासी समाज के बुद्धिजीवी, साहित्यकार, समाजसेवी और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। महासम्मेलन के माध्यम से समाज की एकजुटता को मजबूत करने के साथ ही सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक विकास पर चर्चा की जाएगी।

महासम्मेलन को लेकर विश्राम भवन में आज पत्रकारों से बातचीत के दौरान परिषद के प्रदेश सचिव रमेश ठाकुर ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य आदिवासी समाज को संगठित कर समाजहित में ठोस पहल करना है। उन्होंने कहा कि समाज की पहचान, संस्कृति और अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुटता बेहद आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान परिषद की आधिकारिक वेबसाइट का शुभारंभ भी किया जाएगा तथा समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों का सम्मान किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित