रायपुर , जुलाई 26 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शनिवार को आकाशीय बिजली गिरने से धान की रोपाई कर रहे तीन किसानों की मौत हो गई।
मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश तथा गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
पुलिस के अनुसार कटघोरा थाना क्षेत्र के सलोरा-छुरी गांव के छुरी बकरा बाजार स्थित खेत में कल करीब 25 से 30 किसान धान की रोपाई कर रहे थे। दोपहर बाद अचानक मौसम बदलने के साथ तेज बारिश शुरू हुई और खेत की मेढ़ पर आकाशीय बिजली गिर गई। इसकी चपेट में आने से तीन किसान गंभीर रूप से झुलस गए।
खेत में मौजूद अन्य किसानों ने तत्काल तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कटघोरा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान बहुरंन (44), लक्ष्मी चंद (48) और श्याम साहू (58) के रूप में हुई है। तीनों सलोरा-छुरी गांव के निवासी थे।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। चालू मानसून सीजन में संभागीय स्तर पर वर्षा सामान्य श्रेणी में बनी हुई है, हालांकि प्रदेश में औसत वर्षा सामान्य से 19 प्रतिशत कम दर्ज की गई है। जिलों की बात करें तो सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सामान्य से 59 प्रतिशत अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जबकि सरगुजा में सबसे कम 49 प्रतिशत वर्षा दर्ज हुई है।
विभाग ने रविवार को भी प्रदेश के अनेक हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई है। साथ ही कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। अगले 48 घंटों के दौरान भी अधिकांश क्षेत्रों में वर्षा का सिलसिला जारी रहने तथा कुछ इलाकों में भारी से अति भारी बारिश होने के आसार हैं।
शनिवार को प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 33.0 डिग्री सेल्सियस रायपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ।
राजधानी रायपुर में रविवार को आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहने, एक-दो दौर में वर्षा अथवा गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान व्यक्त किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित