रायपुर , जुलाई 28 -- छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में आज चार लोगों की मौत हो गई है। मनेंद्रगढ़ जिले के खड़गवां ब्लॉक अंतर्गत शिवपुर गांव में बिजली गिरने से तीन ग्रामीणों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खड़गवां में जारी है।

वहीं, सूरजपुर जिले के नमदगीरी गांव में खेत में काम कर रहे किसान विनय देवांगन (35) आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौत हो गई।

प्रदेश में बारिश के कारण कई नदी-नाले उफान पर हैं और कई इलाकों में आवागमन प्रभावित हुआ है। गरियाबंद जिले के छिन्दोला-आमामोरा मार्ग पर बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। खोलापारा नाले के ऊपर से पानी बह रहा है। इस दौरान एक बाइक सवार ने नाला पार करने की कोशिश की, लेकिन वह पानी के तेज बहाव में गिर गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जलभराव के कारण आमामोरा, ओढ़, कुकरार और नगरार गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। दूसरी ओर, सारंगढ़-बरमकेला क्षेत्र में लाट नाले में बही कार में सवार पूर्व सरपंच देवनारायण पटेल और उनकी पत्नी का घटना के दो दिन बाद भी अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। दोनों की तलाश जारी है।

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे तक मौसम खराब रहने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने को लेकर अलर्ट जारी किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित