बिलासपुर/कोंडागांव/सूरजपुर , अगस्त 31 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर, कोंडागांव और सूरजपुर जिलों में पारिवारिक विवाद और निजी कारणों को लेकर दो युवक तथा एक युवती टावर पर चढ़ गए। तीनों घटनाओं में पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों के समझाने के बाद उन्हें सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
बिलासपुर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में रविवार रात भाई से विवाद के बाद 32 वर्षीय युवक हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया और करीब दो घंटे तक वहीं बैठा रहा। पुलिस और स्थानीय लोगों के समझाने के बाद मोहल्ले के दो युवकों ने बातचीत कर उसे सुरक्षित नीचे उतारा।
पुलिस के मुताबिक दयालबंद में दुर्गा मंदिर के पीछे रहने वाला कुंदन केसरी (32) प्राइवेट जॉब करता है। किसी बात को लेकर उसका अपने भाई से विवाद हो गया था। इससे नाराज होकर वह घर से निकल गया और गुरु नानक स्कूल के पास अरपा नदी किनारे स्थित हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया।
युवक को टावर पर देखकर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस और मोहल्ले के लोगों ने कुंदन केसरी को काफी देर तक नीचे उतरने के लिए समझाया, लेकिन वह तैयार नहीं हुआ। करीब दो घंटे बाद मोहल्ले के दो युवकों ने उससे बातचीत की और किसी तरह सुरक्षित नीचे उतार लिया।
पुलिस युवक को सिटी कोतवाली लेकर गई, जहां उससे पूछताछ की गई। कुंदन केसरी ने पुलिस को बताया कि भाई से विवाद होने के बाद वह नाराज होकर टावर पर चढ़ गया था। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे परिजनों के हवाले कर दिया।
इसी तरह कोंडागांव के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में शनिवार को पत्नी और चाचा से विवाद के बाद संतोष कोर्राम (32) नशे की हालत में 400 केवी हाईवोल्टेज लाइन के टावर पर चढ़ गया। वह करीब 150 फुट की ऊंचाई पर लगभग दो घंटे तक बैठा रहा। पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने काफी समझाइश के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा।
बताया गया है कि संतोष कोर्राम मजदूरी करता है और नशे का आदी है। करीब दो साल पहले उसकी पहली पत्नी की मौत हो चुकी है। इसके बाद उसने अपनी साली से दूसरी शादी कर ली। शनिवार को संतोष कोर्राम का अपनी पत्नी और चाचा से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। विवाद के बाद वह घर से निकलकर पास स्थित 400 केवी हाईवोल्टेज लाइन के टावर पर चढ़ गया।
घटना की सूचना मिलने पर तहसीलदार मनोज रावटे के साथ पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। युवक काफी ऊंचाई पर होने के कारण अधिकारियों ने उससे बातचीत करते हुए शांत रहने और सुरक्षित नीचे उतरने की समझाइश दी। मौके पर मौजूद लोगों ने भी उससे किसी तरह का गलत कदम नहीं उठाने की अपील की।
काफी देर तक समझाने के बाद संतोष कोर्राम नीचे उतरने के लिए तैयार हुआ और पुलिस तथा राजस्व टीम की मदद से उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
संतोष कोर्राम ने बताया कि घर में परेशानी और विवाद के कारण उसने यह कदम उठाया। उसने बताया कि चाचा और पत्नी के साथ विवाद के बाद वह मानसिक रूप से परेशान हो गया था। परिवार में लगातार विवाद होने से वह तनाव में था और इसी कारण टावर पर चढ़ गया।
तहसीलदार मनोज रावटे ने बताया कि युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है और वर्तमान में स्थिति सामान्य है। युवक पूरी तरह सुरक्षित है और किसी मेडिकल उपचार की जरूरत नहीं पड़ी है।
तीसरी घटना सूरजपुर जिले के चांदनी थाना क्षेत्र में हुई, जहां एक युवती थाना परिसर में लगे रेडियो टावर पर चढ़ गई। आरोप है कि उसका प्रेमी कई महीने पहले उसे छोड़कर चला गया था और उसके बाद से उसका कोई पता नहीं है। उसका मोबाइल भी बंद आ रहा है। इससे नाराज युवती प्रेमी को थाने बुलाकर दोनों की शादी कराने की मांग पर अड़ गई। करीब 4-5 घंटे की मशक्कत और समझाने के बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित नीचे उतारा।
पुलिस के अनुसार युवती ने पहले अपने प्रेमी के संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। इसी शिकायत में बयान दर्ज कराने के लिए शुक्रवार को उसे थाने बुलाया गया था। बयान की प्रक्रिया के दौरान वह अचानक थाना परिसर में लगे रेडियो टावर पर चढ़ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवती टावर से लगातार अपने प्रेमी को थाने बुलाने और दोनों की शादी कराने की मांग करती रही। इस दौरान उसके परिवारवाले, गांव के सरपंच, उपसरपंच और अन्य ग्रामीण भी थाना परिसर में मौजूद थे। सभी ने उसे समझाने का प्रयास किया लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रही।
स्थिति को देखते हुए पुलिसकर्मी रेडियो टावर पर चढ़े और युवती तक पहुंचे। काफी देर तक समझाने के बाद पुलिसकर्मी उसे सुरक्षित नीचे उतारने में सफल रहे। नीचे लाने के बाद पुलिस ने युवती को शांत कराया और उसके परिजनों से भी चर्चा की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित