रायपुर , अगस्त 11 -- छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियों में फिलहाल कुछ कमी आने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। विभाग का अनुमान है कि अगले 3 दिनों तक बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत कम रह सकती हैं, जबकि इसके बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियां फिर बढ़ने के आसार हैं।
पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। प्रदेश में अब तक कुल 650.9 मिमी (25.6 इंच) बारिश हुई है, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 686.6 मिमी (27.0 इंच) होनी चाहिए थी। इस लिहाज से राज्य में बारिश सामान्य से 5% कम है। हालांकि मौसम विभाग की श्रेणी के अनुसार प्रदेश में अब तक हुई बारिश सामान्य मानी गई है।
बिलासपुर में सोमवार शाम से बारिश का दौर शुरू हुआ। बारिश के कारण शहर की निचली बस्तियों में जलभराव की स्थिति बनी। बारिश के साथ अरपा नदी का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है। पिछले दिनों हुई तेज बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में पानी भर गया था। प्रशासन की ओर से जलभराव वाले क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
सोमवार को प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32.2डिग्री सेल्सियस रायपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रहा।
धमतरी जिले के नरहरा वाटरफॉल में रविवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। झरने में नहाने के दौरान दो युवक अचानक पानी के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। दोनों युवक करीब 50 फीट तक पानी के साथ बहते चले गए।
बताया गया कि दोनों युवकों ने करीब आधे घंटे तक मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकलने में सफलता हासिल की। वाटरफॉल में लगी रेलिंग उनके लिए सहारा बनी और उन्होंने उसे पकड़कर खुद को संभाले रखा। इससे दोनों की जान बच गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित