महासमुंद , अप्रैल 29 -- छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के परीक्षा परिणाम में महासमुंद जिले के एकलव्य इंग्लिश मीडियम स्कूल, अर्जुदा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। इस स्कूल के कुल 7 छात्रों ने टॉप-10 मेरिट सूची में स्थान हासिल कर जिले और स्कूल का नाम रोशन किया है।
स्कूल की छात्रा संध्या नायक ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं रानू सिद्धिमयी साहू और रेणुका प्रधान ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान हासिल किया।
इसी क्रम में चाहत चौधरी ने सातवां स्थान, तिसा साहू ने आठवां स्थान प्राप्त किया। जबकि भारती चंद्रा और लता चौधरी ने दसवें स्थान पर अपनी जगह बनाते हुए स्कूल की उपलब्धि को और मजबूत किया।
एक ही विद्यालय के इतने अधिक छात्रों के टॉप-10 में चयन से स्कूल परिसर में जश्न का माहौल है। शिक्षकों, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर देखी जा रही है।
स्कूल प्रबंधन ने इस सफलता का श्रेय छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग को दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित