रायपुर , मार्च 26 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से गुरुवार को यहां मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में गोवा के खेल एवं युवा मामले तथा जनजातीय कल्याण मंत्री रमेश तावड़कर ने सौजन्य भेंट की।
मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर श्री तावड़कर का स्वागत करते हुए उन्हें बस्तर आर्ट का प्रतीक चिन्ह और जशपुर के स्थानीय उत्पाद भेंट किए। मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच जनजातीय कल्याण और खेलों के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सार्थक चर्चा हुई।
श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और आधुनिक खेल अधोसंरचना विकसित कर प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के पहले 'खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स' का आयोजन छत्तीसगढ़ में होना राज्य के लिए गर्व की बात है, जिससे जनजातीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी और उनकी सांस्कृतिक विरासत को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
श्री तावड़कर के नेतृत्व में गोवा सरकार का प्रतिनिधिमंडल 'खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स' में भागीदारी के लिए छत्तीसगढ़ प्रवास पर है। प्रतिनिधिमंडल इस दौरान मुक्तांगन और आदिवासी संग्रहालय सहित राज्य की जनजातीय संस्कृति और विरासत से जुड़े विभिन्न स्थलों का भी अवलोकन करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित