रायपुर, 26 जून 2026 (वार्ता) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को कहा कि अब तक आवास निर्माण तक सीमित रहा छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल आगे बुनियादी ढांचा विकास के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, जिससे प्रदेश के विकास को नई गति मिलेगी।

नवा रायपुर स्थित सर्किट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के नए लोगो का विमोचन किया। इस अवसर पर वर्ष 2025 के आवास मेले में आवास बुक करने वाले हितग्राहियों के लिए आयोजित लकी ड्रा के विजेताओं को कार, स्कूटी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, एलईडी टीवी सहित विभिन्न पुरस्कार वितरित किए गए। नए लोगो के डिजाइनर अंशुल कश्यप को ढाई लाख रुपये की पुरस्कार राशि भी प्रदान की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक परिवार का अपना पक्का घर होना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में मंडल ने 7,388 से अधिक परिसंपत्तियों का विक्रय कर 1,532 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है, जो उसकी वित्तीय स्थिति में सुधार का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि सरकार के गठन के बाद पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों को स्वीकृति दी गई थी। प्रदेश में अब तक साढ़े दस लाख से अधिक आवास पूर्ण हो चुके हैं तथा प्रतिदिन लगभग 1,600 नए आवास तैयार किए जा रहे हैं। आत्मसमर्पित नक्सलियों के पुनर्वास के लिए 15 हजार अतिरिक्त प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं, जबकि विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए भी विशेष आवास योजना संचालित की जा रही है।

श्री साय ने कहा कि सुशासन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। 'सेवा सेतु' के माध्यम से 450 से अधिक शासकीय सेवाएं मोबाइल ऐप पर उपलब्ध कराई गई हैं तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के जरिए शिकायतों का समयबद्ध निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत प्रदेश में करीब 65 हजार घरों में रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाए जा चुके हैं। साथ ही मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के माध्यम से उपभोक्ताओं को बकाया बिलों के भुगतान में राहत दी जा रही है।

आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विभाग में व्यापक प्रशासनिक सुधार किए गए हैं। गृह निर्माण मंडल को अधोसंरचना विकास मंडल के रूप में नई पहचान देकर पूंजीगत व्यय वाले विभागों को अधिक सक्षम बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में नई आवासीय परियोजनाएं पर्याप्त बुकिंग सुनिश्चित होने के बाद ही शुरू की जाएंगी, ताकि वित्तीय जोखिम से बचा जा सके। वन टाइम सेटलमेंट योजना के जरिए वर्षों से लंबित संपत्तियों के विक्रय में भी तेजी आई है।

मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव ने कहा कि नई कार्य संस्कृति अपनाने के साथ मंडल अब मांग आधारित, गुणवत्तापूर्ण और वित्तीय रूप से व्यवहार्य परियोजनाओं पर विशेष जोर देगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित