रायपुर , जुलाई 13 -- छत्तीसगढ़ सरकार नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने सोमवार को राज्य के सभी 194 नगरीय निकायों को विभिन्न मदों के तहत कुल 58 करोड़ 43 लाख 14 हजार रुपये आबंटित किये। विभाग ने उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद राशि आबंटन के आदेश जारी किये।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, 14 नगर निगमों को 27 करोड़ 82 लाख 45 हजार रुपये, 56 नगर पालिकाओं को 18 करोड़ 71 लाख 39 हजार रुपये तथा 124 नगर पंचायतों को 11 करोड़ 89 लाख 30 हजार रुपये आबंटित किये गये हैं।
विभाग ने यह राशि अनिवार्य निधि, चुंगी क्षतिपूर्ति, उत्पाद कर, यात्री कर, बार तथा मुद्रांक मद के अंतर्गत जारी की है।
विभाग के अनुसार, इस आबंटन से नगरीय निकायों की वित्तीय स्थिति मजबूत होगी। साथ ही लंबित भुगतानों के निपटान, मरम्मत एवं संधारण कार्यों तथा अतिवृष्टि जैसी आपात परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने में भी सहायता मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित